Dark Mode
  • day 00 month 0000
Weather : देशभर में ठंड का प्रकोप जारी, घने कोहरे की दी चेतावनी, दिल्‍ली में हल्‍की बारिश के आसार

Weather : देशभर में ठंड का प्रकोप जारी, घने कोहरे की दी चेतावनी, दिल्‍ली में हल्‍की बारिश के आसार

Weather Update : देशभर में ठंड का प्रकोप जारी है, हालांकि शीतलहर अब अधिकांश इलाकों से समाप्त हो चुकी है और केवल कुछ जगहों पर ही इसका असर देखा जा रहा है। वहीं, कई राज्यों में कोहरे की स्थिति बन रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में मौसम को लेकर अपडेट जारी किया है। आज दिल्ली में मध्यम कोहरे की संभावना है, हालांकि बारिश की कोई विशेष संभावना नहीं है।


देशभर में आज का मौसम
लगभग दो हफ्ते से देश के विभिन्न हिस्सों में चल रही शीतलहर अब खत्म हो गई है और अधिकतर राज्यों से इसका प्रभाव समाप्त हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि हिमाचल प्रदेश में इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, उत्तराखंड में जमीनी पाले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और उत्तर-पूर्वी राज्यों में घने कोहरे की संभावना है।


दिल्‍ली में हल्‍की बारिश के आसार
बता दें कि राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को कई दिनों की सर्दी के बाद अब थोड़ी राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान मध्यम स्तर का कोहरा भी देखने को मिल सकता है।


राजस्थान का मौसम
राजस्थान में इस समय कड़ी ठंड पड़ रही है, और मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। साथ ही, कई जिलों में कोहरे के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर के आखिरी सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर राजस्थान के मौसम पर देखा जाएगा। आने वाले दिनों में राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान और गिर सकता है और ठंड का स्तर भी बढ़ेगा। इस बढ़ती ठंड से सबसे ज्यादा मुश्किल स्कूल और ऑफिस जाने वाले लोगों को हो रही है।


घने कोहरे की चेतावनी
बताया जा रहा है कि- 24 और 25 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा, 21 और 22 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, 21 दिसंबर को राजस्थान और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में, और 21 से 23 दिसंबर तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घने कोहरे का असर रहेगा। 22 से 25 दिसंबर के बीच असम और मेघालय में भी घना कोहरा दिखाई दे सकता है। वहीं, 21 से 25 दिसंबर के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पाले की संभावना जताई गई है।


आंधी-तूफान और बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि- 26 से 28 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अलावा, 27 और 28 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, एनसीआर और आसपास के मैदानी इलाकों तथा मध्य भारत के कई हिस्सों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि 27 और 28 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।

Comment / Reply From

Vote / Poll

क्या राजस्थान मे बेरोजगारी का मुद्दा खत्म हो चुका है ..

View Results
Yes
11%
No
89%

Talk to us?